उत्तराखंड में इस साल प्री-मानसून की बारिश ने मई के साथ अब जून की गर्मी से भी राहत दिलाई है। कुछ दिनों को छोड़ दें तो राजधानी दून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास ही रहा है। मंगलवार को हुई बारिश से दून का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री गिरावट के साथ 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में भी रहा। इससे पहले 25 मई को दून के अधिकतम तापमान में सामान्य से आठ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई थी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में पड़ा है। इस कारण पारा गिरा है। इस बार प्री-मानसून की बारिश में भी इजाफा हुआ है। यही वजह रही कि तापमान सामान्य के आसपास रहा है। जबकि कई बार सामान्य से नीचे रहने से मैदानी इलाकों में मौसम सुहाना रहा है। इसके अलावा मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन की वजह से भी इस तरह के बदलाव देखे जा रहे हैं। बुधवार के मौसम की बात करें तो दून के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि दिन का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने के आसार हैं।
यमुनोत्री की ऊंची चोटियों पर साल की पहली बर्फबारी
यमुनोत्री धाम के आसपास की चोटियों पर इस साल की पहली बर्फबारी हुई। यमुनोत्री धाम से पुजारी अनोज उनियाल, राहुल उनियाल ने बताया कि धाम की चोटियों सप्त ऋषि कुंड बंदरपूंछ, गरुड़ गंगा टाप में हल्की बर्फबारी हुई है जबकि यमुनोत्री धाम में रुक रुक कर बारिश हो रही है। बारिश से ठंड बढ़ गई है।
हेमकुंड साहिब में तीसरे दिन भी गिरी बर्फ
हेमकुंड साहिब में लगातार तीसरे दिन दोपहर को बर्फबारी हुई जबकि कपाट खुलने के बाद यह हेमकुंड साहिब में चौथी बर्फबारी है। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हेमकुंड साहिब के साथ ही आस्था पथ पर एसडीआरएफ के जवान तैनात हैं और लाउडस्पीकर से श्रद्धालुओं को सचेत भी कर रहे हैं।
पहाड़ों में लगातार मौसम खराब होने से दोपहर बाद बारिश हो रही है। हेमकुंड साहिब में रविवार से मंगलवार तक लगातार दोपहर बाद बर्फबारी हो रही है। इससे घांघरिया से लेकर हेमकुंड साहिब तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि श्रद्धालुओं के लिए जून के महीने में बर्फबारी देखना किसी आनंद से कम नहीं है। जहां मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से लोग परेशान हैं वहीं पहाड़ में कड़ाके की ठंड में लोग कांप रहे हैं। वहीं एसडीआरएफ के जवान लगातार यहां पर श्रद्धालुओं को मौसम के चलते सचेत करते हुए समय पर घांघरिया पहुंचने के लिए कह रहे हैं। वहीं बदरीनाथ से लेकर ज्योतिर्मठ में बारिश होने से यहां भी ठंड बढ़ गई है। गोपेश्वर व आसपास के इलाकों में दोपहर बाद बारिश हुई।

More Stories
रिवर्स पलायन के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : मुख्यमंत्री
आमजन की सुरक्षा को हर पल मुस्तैद दून पुलिस, स्वतंत्रा दिवस के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर सम्पूर्ण जनपद में दून पुलिस द्वारा लगातार चलाया जा रहा सघन चेकिंग अभियान, जनपद की सीमाओं व आन्तरिक मार्गो पर संदिग्धों की तलाश हेतु लगातार की जा रही सघन चैकिंग, संवेदनशील स्थानों पर अर्द्ध सैनिक बलों के साथ किया गया फ्लैग मार्च
मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शहीदों को किया नमन, इस दिन को बताया लाखों परिवारों के दर्द और बलिदान को याद करने का अवसर